10:42 AM, 06-Feb-2025
कांग्रेस ने दशकीय जनगणना नहीं कराने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा। कहा गया कि यह अनावश्यक विलंब कई सामाजिक नीतियों और कार्यक्रमों को नुकसान पहुंचा रहा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक खबर साझा की जिसमें कहा गया है कि दशकीय जनगणना 2021 से लंबित है। इसमें यह भी कहा गया है कि जनगणना के इस वर्ष भी होने की संभावना नहीं है क्योंकि देश में जन्म और मृत्यु पर कम से कम दो अन्य प्रमुख रिपोर्ट पिछले पांच वर्षों से केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी नहीं की गई हैं।
रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘दशकीय जनगणना, जो 2021 में होने वाली थी, लेकिन अभी तक शुरू नहीं की गई है। यह अनावश्यक विलंब कई सामाजिक नीतियों और कार्यक्रमों को नुकसान पहुंचा रहा है जिनमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षण और खाद्य सुरक्षा अधिकार शामिल हैं।’
10:18 AM, 06-Feb-2025
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने अमेरिकी सरकार द्वारा अवैध भारतीय प्रवासियों के चल रहे अचानक निर्वासन पर चर्चा करने के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया है। उनका कहना है कि सरकार को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए और अमेरिकी अधिकारियों के साथ बातचीत करने और निर्वासित व्यक्तियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे कूटनीतिक उपायों की रूपरेखा तैयार करनी चाहिए।
प्रस्ताव में कहा गया, ‘यह संकट अवैध प्रवास को रोकने और विदेश में रोजगार चाहने वालों के लिए संरचित कानूनी रास्ते बनाने के लिए मजबूत नीतियों की आवश्यकता को भी सामने लाता है। मानव तस्करी नेटवर्क को खत्म करने, निर्वासित लोगों को वित्तीय और सामाजिक पुनः एकीकरण सहायता प्रदान करने और भविष्य में भारतीयों को ऐसी मुश्किलों से बचाने के लिए पारदर्शी प्रवासन ढांचे की स्थापना करने के लिए हस्तक्षेप की तत्काल आवश्यकता है। सरकार को प्रभावित हजारों लोगों के हितों की रक्षा करने और भारत की कूटनीतिक विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए निर्णायक रूप से कार्य करना चाहिए।’
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों के निर्वासन पर चर्चा करने के लिए नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया। प्रस्ताव में कहा गया, ‘कथित तौर पर 20,407 भारतीय अप्रवासियों को निर्वासित करने की पूरी प्रक्रिया भारतीय अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय और मानवीय तरीके से की जा सकती थी। मैं अनुरोध करता हूं कि भारत सरकार इसे सुनिश्चित करने के लिए राजनयिक चैनलों का उपयोग करे।” आप सांसद संजय सिंह ने अमेरिका में कथित रूप से अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों के निर्वासन पर चर्चा करने के लिए नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया।’
10:16 AM, 06-Feb-2025
राज्यसभा में बोलेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का राज्यसभा में जवाब देंगे।
09:22 AM, 06-Feb-2025
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि गाजा के भविष्य पर राष्ट्रपति ट्रंप के विचार विचित्र, खतरनाक और हर तरह से अस्वीकार्य हैं। पश्चिम एशिया में स्थायी शांति का एकमात्र आधार है- दो-राज्य समाधान, जो फलस्तीनी लोगों की स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जीने की पूरी तरह से वैध आकांक्षाओं को पूरा करता है और साथ ही इस्राइल के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करता है। अमरीका के राष्ट्रपति के इस विचार पर मोदी सरकार को अपनी प्रतिक्रिया बिल्कुल स्पष्ट करनी चाहिए। अन्य देशों की सरकारें पहले ही ऐसा कर चुकी हैं।
08:45 AM, 06-Feb-2025
लोकसभा में कांग्रेस के सचेतक मणिकम टैगोर ने अमेरिका द्वारा भारतीय नागरिकों के अमानवीय निर्वासन पर चर्चा करने और विदेशों में भारतीय नागरिकों के अपमान, दुर्व्यवहार को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव पेश किया।
08:37 AM, 06-Feb-2025
Parliament Budget Session Live: संसद में हंगामे के आसार, लोकसभा में होगी बजट पर चर्चा, विपक्ष ने की ये तैयारी
Budget Session 2025 live News in Hindi: संसद के दोनों सदनों में आज भी हंगामे के आसार हैं। विपक्ष अमेरिका से वापस भेजे गए भारतीय अप्रवासियों के मुद्दे पर सरकार से जवाब की मांग कर रहा है। इस बीच लोकसभा में केंद्रीय बजट 2025-2026 पर चर्चा होगी।