
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (फाइल)
– फोटो : एएनआई
विस्तार
हाल ही में जमानत पर रिहा हुए झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने ‘सामंती ताकतों’ के खिलाफ ‘विद्रोह’ का एलान किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन- INDIA देश भर से भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेगा। हूल दिवस के मौके पर झारखंड के साहिबगंज में रैली को संबोधित करते हुए सोरेन ने कहा, उनकी रिहाई के बाद भाजपा के खेमे में घबराहट है। भाजपा नेता एक बार फिर उनके खिलाफ ‘साजिश’ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिहाई के बाद पहली बार वे अपने घर से बाहर निकले हैं। यह सभी के लिए प्रेरणा का दिन है।
सामंती ताकतों को खदेड़ने के लिए ‘हूल विद्रोह’
हेमंत ने दशकों पहले ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संथाल विद्रोह का जिक्र करते हुए कहा, अंग्रेजों के खिलाफ जैसा विद्रोह हुआ, उसी तर्ज पर हम न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश से सामंती ताकतों को खदेड़ने के लिए ‘हूल विद्रोह’ की घोषणा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन अंग्रेजों के खिलाफ 1855 के संथाल विद्रोह का प्रतीक है।