
भाजपा नेता राहुल सिन्हा
– फोटो : एएनआई
विस्तार
भाजपा ने बृहस्पतिवार को नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन के दावे को खारिज कर दिया है। अमर्त्य ने कहा था कि लोकसभा चुनाव नतीजों से पता चलता है कि भारत ‘हिंदू राष्ट्र’ नहीं है। भाजपा ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि अमर्त्य के दावे का जमीनी स्तर पर वास्तविक तस्वीर से कोई संबंध नहीं है। साथ ही कहा कि प्रख्यात अर्थशास्त्री को चीजों को तटस्थ दृष्टिकोण से देखना चाहिए।
वरिष्ठ भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा, अमर्त्य सेन कभी भी एनडीए सरकार के अच्छे कामों की सराहना नहीं करेंगे। उन्हें पार्टी के सत्ता में आने से पहले देश की स्थिति और इतने वर्षों के बाद वर्तमान स्थिति का आकलन करना चाहिए था। सिन्हा ने कहा, सेन बंगाल सीएम ममता बनर्जी को खुश करने के लिए ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं। भारत के लोगों ने सिस्टम को साफ करने और इसे भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के प्रयासों के लिए भाजपा को वोट दिया है। अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाना बीजेपी का सिरदर्द नहीं है।
बता दें कि अमर्त्य सेन बुधवार शाम को अमेरिका से कोलकाता पहुंचे थे। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पत्रकारों से कहा, भारत एक ‘हिंदू राष्ट्र’ नहीं है, यह हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव परिणामों में परिलक्षित हुआ है। 90 वर्षीय सेन ने कहा, मुझे नहीं लगता कि भारत को ‘हिंदू राष्ट्र’ में बदलने का विचार उचित है।