Shimla Sanjauli Masjid Case Live Protest Today, Section 163 Imposed In Area Himachal Pradesh News In Hindi – Amar Ujala Hindi News Live

0
15


05:28 PM, 11-Sep-2024

प्रदेश सरकार की नाक के नीचे अवैध निर्माण हुआ: अनुराग ठाकुर

संजाैली में हुए मस्जिद के अवैध निर्माण मामले पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से अवैध रूप से निर्माण हुआ और अवैध रूप से लोगों ने आधार कार्ड बनवाकर लाभ लिए, यह सब प्रदेश सरकार की नाक के नीचे राजधानी शिमला में हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था राज्य सरकार का विषय है और राज्य सरकार को इस बारे कार्रवाई करनी चाहिए। ठाकुर ने कहा कि दुख है कि सदन में कांग्रेस के मंत्री बोल रहे थे और मुख्यमंत्री सो रहे थे। 

04:44 PM, 11-Sep-2024

आठ घायल अस्पताल पहुंचे

शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में हुए हिंदूवादी संगठनों के उग्र प्रदर्शन में दर्जनों लोगों को चोटें आई हैं। लाठीचार्ज और धक्कामुक्की में आठ घायल अस्पताल पहुंचे है। चार पुलिस कर्मियों को भी चोटे आई हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह मामला लंबे समय से लंबित है। जहां तक अवैध इमारतों के निर्माण का सवाल है, सरकार ने इसका संज्ञान लिया है। मैंने विधानसभा में भी मजबूती से कहा है कि जैसे ही इस पर फैसला आएगा, कानून के दायरे में कार्रवाई की जाएगी, अगर कोई इमारत अवैध पाई गई तो उसे गिरा दिया जाएगा। लेकिन हमें कानून की प्रक्रिया के साथ आगे बढ़ना होगा। हम चाहते हैं कि हिमाचल प्रदेश में शांति का माहौल बना रहे। 

04:26 PM, 11-Sep-2024

कानून के दायरे में कार्रवाई करनी होगी

संजाैली प्रदर्शन पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सभी को अपनी बात रखने व प्रदर्शन करने का अधिकार है। इसे देखते हुए भारी पुलिस बल माैके पर तैनात किया गया था। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल भी करना पड़ा है और हल्का लाठीचार्ज भी हुआ है। कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी रिपोर्ट ली जाएगी। किसी को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। कानून के दायरे में कार्रवाई करनी होगी, भावनाओं में बहकर किसी भी तरह के गलत कदम से बचना होगा। 

04:19 PM, 11-Sep-2024

आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए समिति गठित होगी: विक्रमादित्य सिंह

संजाैली स्थिति मस्जिद में अवैध निर्माण मामले पर लोक निर्माण विक्रमादित्य सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि तहबाजारी पाॅलिसी मामले पर सरकार मंत्रिमंडलीय उप समिति गठित कर रही है। इसकी पहल हो चुकी है। प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा व तहबाजारी नियमों को और कड़ा करने के लिए फैसला लिया जाएगा। कमेटी में मंत्री भी शामिल होंगे। 

03:35 PM, 11-Sep-2024

संजौली चौक से हटाए प्रदर्शनकारी

अब संजौली चौक से प्रदर्शनकारियों को पुलिस की ओर से हटाया दिया गया है। भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात है। आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

03:14 PM, 11-Sep-2024


संजाैली में भारी पुलिस बल माैजूद।
– फोटो : अमर उजाला

सभी पुलिस अधीक्षक को अलर्ट रहने के निर्देश

संजौली में उग्र प्रदर्शन, लाठीचार्ज मामले के बाद हिमाचल के सभी पुलिस अधीक्षक को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए हैं। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने डीजीपी को तलब किया है।  मौके पर खुद, आईजी व डीआईजी को रहने के लिए कहा है।  मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल संजौली चौक से प्रदर्शनकारियों को पुलिस की ओर से हटाया जा रहा है। भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास जारी है। 

02:58 PM, 11-Sep-2024

एंबुलेंस फंसी

प्रदर्शन के चलते तनाव की स्थिति के मद्देनजर एंबुलेंस भी फंसी हुई है। 

 

02:38 PM, 11-Sep-2024


संजाैली में तनाव बरकरार।
– फोटो : अमर उजाला

प्रदर्शनकारियों की ओर से फिर बैरिकेड तोड़ने का प्रयास

वाटर कैनन से प्रदर्शनकारियों को हटाने का पुलिस का प्रयास जारी है। चौक पर भी बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शनकारियों और पुलिस में फिर धक्कामुक्की शुरू हो गई है। बैरिकेड तोड़ने की कोशिश हो रही। वहीं प्रदर्शन के चलते तनाव की स्थिति के मद्देनजर शिमला जिला प्रशासन ने शहर के सभी स्कूलों को सर्कुलर जारी किया है। स्कूलों से कहा गया है कि अभिभावकों के स्कूल पहुंचने के बाद ही बच्चों को छोड़ जाए।

02:22 PM, 11-Sep-2024

प्रदर्शन के बीच संजौली क्षेत्र के कई स्कूलों से बच्चों को दी छुट्टी 

प्रदर्शन के बीच संजौली क्षेत्र के कई स्कूलों से बच्चों को छुट्टी दे दी गई है। अभिभावकों को बच्चों को स्कूल से लाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है। कई अभिभावक समय पर स्कूल तक नहीं पहुंच पाए हैं। उधर, संजौली चौक और बाजार में दोनों तरफ नारेबाजी जारी है। 

02:13 PM, 11-Sep-2024

प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ धक्कामुक्की, एक महिला कांस्टेबल घायल

मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में संजौली में दो जगह प्रदर्शन हो रहा है। एक प्रदर्शन मस्जिद क्षेत्र के पास है, जहां ढली की ओर से आए प्रदर्शनकारियों को रोका गया है। दूसरा प्रदर्शन संजौली चौक पर हो रहा है, जहां छोटा शिमला, लक्कड़ बाजार की ओर से आए लोगों को रोका गया है। दोनों जगह माहाैल तनावपूर्ण बना हुआ है। नारेबाजी चल रही है। प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ हुई धक्कामुक्की में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।





Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here